Monday, June 29, 2026
English edition

Politics

दिल्ली भाजपा की नई जिला टीम का ऐलान, महिलाओं और युवाओं को मिला बड़ा अवसर

June 28, 2026 Source: India Scope Media

दिल्ली भाजपा की नई जिला टीम का ऐलान, महिलाओं और युवाओं को मिला बड़ा अवसर
**नई दिल्ली:** दिल्ली बीजेपी ने अपने संगठन को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 11 संगठनात्मक जिलों के लिए नई जिला टीमों की घोषणा कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष **हर्ष मल्होत्रा** ने नई नियुक्तियों की सूची जारी करते हुए कहा कि संगठन में महिलाओं और युवाओं को प्राथमिकता दी गई है। नई टीम में 33 फीसदी महिलाओं को प्रतिनिधित्व दिया गया है, जबकि युवा कार्यकर्ताओं को भी अहम जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। बाकी तीन जिलों की सूची जल्द जारी की जाएगी। हर्ष मल्होत्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नई टीम की सूची साझा करते हुए सभी नवनियुक्त जिलाध्यक्षों और पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम भाजपा की विचारधारा, सेवा, समर्पण और सुशासन के संकल्प को बूथ स्तर तक मजबूत करेगी और जनता के बीच संगठन की पकड़ को और मजबूत बनाएगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देना पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की महिला सशक्तिकरण नीति के अनुरूप है। इसके साथ ही अनुसूचित जाति वर्ग के पदाधिकारियों की नियुक्ति में भी सभी निर्धारित मानकों का पालन किया गया है। उनका कहना है कि नई संगठनात्मक व्यवस्था दिल्ली की जनता की बेहतर सेवा करने और संगठन को नई ऊर्जा देने का काम करेगी। इसी क्रम में करोल बाग, मयूर विहार और दक्षिणी दिल्ली जिलों की नई टीमों का भी ऐलान किया गया। पार्टी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वे संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत करेंगे और सेवा, समर्पण तथा सुशासन के संदेश को हर कार्यकर्ता और आम जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।